जखोली ब्लॉक के ग्राम पंचायत देवल के खरियाल नामी तोक में घर के समीप घास काट रही महिला पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया है। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार भागा, जिससे महिला की जान बच गई। महिला को सीएचसी जखोली में भर्ती किया गया। उपचार के बाद महिला की हालत में सुधार है।
बीते बृहस्पतिवार शाम लगभग पौने पांच बजे खरियाल नामी तोक निवासी बसंती देवी पत्नी राजेंद्र सिंह घर के समीप घास काट रही थी। इसी दौरान वहां झाड़ियों में छुपे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और जोर-जोर से शोर-शराबा करने लगे, जिससे गुलदार भाग खड़ा हुआ। महिला के चेहरे, पीठ और पैर पर गुलदार ने नाखून से गहरे जख्म किए हैं।
ये भी पढ़ें...Chardham Yatra 2024: शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट, जय गंगे...हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजा धाम
ग्राम प्रधान शंभू प्रसाद उनियाल और पूर्व ग्राम प्रधान जगदंबा सकलानी ने बताया कि गुलदार के हमले के बाद से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। लंबे समय से गुलदार क्षेत्र में सक्रिय है और इस संबंध में वन विभाग को सूचना देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने घायल महिला को उचित मुआवजा और गांव में पिंजरा लगाने की मांग की है।