राजीव गांधी आवास योजना के तहत बन रहे आवासों में अनियमितता को लेकर नगर पंचायत के सभासदों ने बोर्ड बैठक का बहिष्कार किया। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष पर लाभार्थियों से प्रत्येक किश्त पर वसूली का आरोप भी लगाया।
नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्पवांण की अध्यक्षता और एसडीएम उत्तम सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई बोर्ड बैठक में सभासदों ने कहा कि नगर पंचायत के गठन के तीन सराल हो चुके हैं, लेकिन विकास तीन कदम भी नहीं हुआ है।
सभासद बलवंत सिंह रावत, प्रमोद नेगी, कपूरी देवी व नामित सभासद रणजीत सिंह रावत व रेखा रावत का कहना था कि नगर में राजीव गांधी अवासों का निर्माण बाहरी ठेकेदारों से कराया जा रहा है। कार्य मानकों के तहत नहीं हो रहा है। अभी तक बने भवनों में कई खामियां हैं।
नगर पंचायत में 270 राजीव आवास बनने हैं, जिनमें 160 पर कार्य चल रहा है। सभासदों का कहना था कि उनके द्वारा अपने-अपने वार्ड के जो भी प्रस्ताव नगर पंचायत कार्यालय को दिए जा रहे हैं, वे अग्रसारित नहीं हो रहे हैं।
नगर में पैदल रास्ते जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, कूड़ेदान क्षतिग्रस्त हो गए हैं, लेकिन सुध नहीं ली जा रही है। जब तक नगर पंचायत द्वारा स्पष्टीकरण नहीं दिया जाता, वे बोर्ड बैठक के साथ ही अन्य कार्यक्रमों का भी बहिष्कार करेंगे। इससे पूर्व भी ये सभासद दो बोर्ड बैठकों का बहिष्कार कर चुके हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्पवांण का कहना है कि सभासद विकास कार्यों में सहयोग के बजाय, बैठकों का बहिष्कार कर रहे हैं। जनता ने इन्हें विकास के लिए भेजा था, लेकिन सात माह से सभी निरंतर विरोध कर रहे हैं।