अगस्त्यमुनि ब्लाक के भणज गांव का ट्रांसफार्मर फुंकने से 15 दिन से 80 परिवार अंधेरे में रह रहे हैं। उन्होंने एक सप्ताह में गांव में नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली सप्लाई बहाल करने की मांग की।
277 परिवारों वाले भणज गांव में पांच ट्रांसफार्मर हैं, जिसमें 25 केवी का एक और 16 केवी के चार हैं, लेकिन 15 दिन से दो ट्रांसफार्मर, जिसमें 25 केवी का शामिल है फुंके हुए हैं।
इस कारण गांव के भंगडारा, गरखुंड, उडियार, जीआईसी भणज और एससी बस्ती शिव डाली तोक की बिजली सप्लाई ठप है। बिजली न होने से जहां बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं ग्रामीणों के दैनिक कार्य भी समय पर नहीं हो पा रहे हैं।
ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज कराने के लिए भी दूसरे तोकों में जाना पड़ रहा है। ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह रावत ने बताया कि ऊर्जा निगम से शिकायत के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया है।
क्षेत्र में जंगली जानवरों का भी डर बना है। शाम ढलते ही लोग घरों में कैद हो रहे हैं। वहीं ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता मनोज गुसाईं ने बताया कि समस्या संज्ञान में है। दोनों ट्रांसफार्मर की डिमांड दे दी गई है। ट्रांसफार्मर मिलने पर शीघ्र बिजली सप्लाई बहाल की जाएगी।