रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने एसआईआर कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार को एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बूथ स्तर पर गणना प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य पूरा करने को कहा। जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और सभी गतिविधियों का रिकॉर्ड रखा जाए।
जिलाधिकारी ने सभी आरओ और एआरओ को प्रतिदिन सुबह 10 बजे और शाम 5 बजे तक प्रगति रिपोर्ट कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, सहायक निर्वाचन अधिकारी विपिन चंद्र जोशी व संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। संवाद