प्रशासन से वार्ता के बाद वन विभाग ने लिया फैसला
संवाद न्यूज एजेंसी
चोपता। कार्तिक स्वामी मंदिर जाने वाले रुद्रप्रयाग जिले और चमोली की पोखरी तहसील के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। वन विभाग के कनकचौरी के पास पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं से लिए जाने वाला शुल्क अब स्थानीय लोगों से नहीं लिया जाएगा।
रुद्रप्रयाग व चमोली जिले के करीब 300 से अधिक गांव भगवान कार्तिक स्वामी क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। क्योंकि यह क्षेत्र वन विभाग के अंतर्गत आता है इसलिए वन विभाग की ओर से यहां आने वाले यात्रियों से 50 और स्थानीय लोगों 10 रुपये शुल्क वसूला जाता है। इस शुल्क पर क्षेत्रवासी आपत्ति जता रहे थे और कार्तिक स्वामी मंदिर समिति ने भी इसका विरोध किया था। जनभावनाओं को देखते हुए अब वन विभाग स्थानीय लोगों से शुल्क नहीं लेगा। प्रभागीय वन अधिकारी रजत सुमन ने बताया कि इस संबंध में प्रशासन से सकारात्मक वार्ता हुई है। इसके बाद संपूर्ण रुद्रप्रयाग जिला व चमोली की पोखरी तहसील के लोगों से शुल्क न लेने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले को जल्द लागू किया जाएगा।