रुद्रपुर। बीएसएनएल कॉलोनी में मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक ने अधेड़ महिला की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी और फरार हो गया। बेटी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह समेत पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। देर शाम आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। तीन दिन के भीतर तीन महिलाओं की हत्या से शहर में दहशत का वातावरण है।
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के थाना कुंडा क्षेत्र के नवाती का पूर्वा जनवा मऊ के रहने वाले रतिभान सिंह बीएसएनल में लाइनमैन हैं। वह बीएसएनएल कॉलोनी में मकान संख्या 2/6 में परिवार के साथ रहते हैं। उनके दो बेटे दिल्ली में नौकरी करते हैं और बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है।
सोमवार रात किसी काम से वह गांव गए थे। घर में उनकी पत्नी रीता सिंह (50) और बेटी रेखा थीं। मंगलवार को रेखा सुबह स्कूल में पढ़ाने के लिए चली गईं। इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे रतिभान का पड़ोसी राहुल उनके घर पहुंचा और पत्नी रीता सिंह पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
आरोपी के पिता ने ही पुलिस को फोन कर हत्या की सूचना दी। सूचना पर एसएसपी बरिंदरजीत सिंह, एएसपी देवेंद्र पींचा, एसपी क्राइम प्रमोद कुमार, सीओ हिमांशु साह, कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से मामले की जानकारी लेने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मां का शव देखकर बेटी की तबियत बिगड़ी
रीता सिंह की मौत के बाद पुलिस ने उसकी बेटी रेखा को घर बुलाया। पहले तो उसे कुछ पता नहीं था, लेकिन जब उसने शव ले जाते देखा तो वह रोते-राते गिर पड़ी। महिला पुलिस कर्मियों ने उसे संभाला और अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि मां की मौत की जानकारी के बाद रेखा की भी तबियत बिगड़ गई गई। ब्यूरो
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या के बाद फॉरेंसिक लैब के संयुक्त निदेशक डॉ. दयाल शरण के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे से साक्ष्य एकत्र किए। इनको लैब में जांच के लिए भेजा गया है। ब्यूरो
कोट
- पुलिस हत्या की वारदात के खुलासे का प्रयास कर रही है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
- बरिंदरजीत सिंह, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर