रुद्रप्रयाग में पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस सरकार राज्य में हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। यही वजह है कि कांग्रेस के ही विधायक समय-समय पर सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। इससे राज्य में विकास कार्यों पर भी बुरा असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केवल अपने हितों के लिए सरकारी संपत्ति को खरीद-फरोख्त कर रही है। इसका विरोध किया जाएगा। राज्य की स्थायी राजधानी के मुद्दे पर रावत ने कहा कि भाजपा ने इसके लिए हमेशा संघर्ष किया है। जनभावनाओं के अनुरूप ही स्थायी राजधानी बनाई जानी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है, जिसका नतीजा कांग्रेस को 2017 विधानसभा चुनाव में मिलेगा। भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता पर काबिज होगी। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष डा. आनंद बोहरा, नगर मंडल अध्यक्ष सुनील नौटियाल, मंडल महामंत्री विवेक बंसल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आशीष नेगी, अजय सेमवाल, डा. अमित रतूड़ी, सुशीला बिष्ट, अमर कंडवाल, सूरत चौहान आदि उपस्थित थे।