पर्यटन विभाग के स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर पंचायत अगस्त्यमुनि ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल को यह पुरस्कार दिया।
पर्यटन विभाग की ओर से राज्य स्तर पर अपशिष्ट प्रबंधन उत्कृष्टा व स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान चलाया था जिसमें इस बार भी नगर पंचायत अगस्त्यमुनि ने प्रदेशभर के अन्य जिलों को पछाड़ते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल ने कहा कि यह पुरस्कार सभी सभासदों, स्वच्छता कर्मियों और क्षेत्र की जनता को समर्पित है जिन्होंने नगर पंचायत के स्वच्छता अभियान में लगातार सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत को निखारने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले नगर पंचायत को स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 में बेस्ट सिटी इन सॉलिड़ वेस्ट मैनेजमेंट इन नॉर्थ जोन का पुरस्कार भी राष्ट्रपति के हाथों प्राप्त हो चुका है। सितंबर 2019 में अटल निर्मल नगर पुरस्कार, वर्ष 2020 में अटल निर्मल पुरस्कार के तहत नगर पंचायत को तृतीय श्रेणी में आने पर 5 लाख पुरस्कार और 20 लाख अवस्थापना मद में मिल चुके हैं। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र सिंह पंवार का कहना है कि नगर में बेहतर स्वच्छता बनाए रखने के लिए पर्यावरण मित्र सुबह-शाम दिन में दो वक्त सफाई करते हैं।