रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन निर्माण के लिए जिले में अधिग्रहण की जाने वाली 37.3241 हेक्टेयर भूमि में 2396 पेड़ों का कटान किया जाएगा। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग ने भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई कर ऑनलाइन अपलोड कर दिया है।
जनपद में धारी देवी से घोलतीर तक 20.1101 हेक्टेयर भूमि पर रेल लाइन टनल और 17.2140 हेक्टयर राजस्व भूमि पर खुले से होकर गुजरेगी। रुद्रप्रयाग वन प्रभाग की ओर से क्षेत्र में भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई पूरी कर दी गई है। जिले में रेल लाइन निर्माण में रुद्रप्रयाग रिजर्व क्षेत्र, रतनपुर रिजर्व क्षेत्र और पूर्वी खिर्सू में 2396 पेड़ों का कटान किया जाना है, जिसमें 1375 पेड नाप भूमि में हैं। जिले में रतूड़ा (सुमेरपुर) और घोलतीर में रेलवे स्टेशन बनाए जाने हैं। आरबीएनएल के डीजीएम डा. एसके बरनवाल ने बताया कि चिह्नित भूमि के दस्तावेज प्रशासन को भेजे जा चुके हैं। शासन के निर्देश पर ही अधिग्रहण किया जाएगा। वन विभाग के एसडीओ सोहन लाल का कहना है कि विभागीय स्तर पर भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई पूरी कर जानकारी ऑनलाइन अपलोड कर दी गई है। प्रभागीय क्षेत्र में रेल लाइन निर्माण के लिए कटान के लिए पेड़ों का चिह्नीकरण भी किया जा चुका है।