प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरके पांडेय को ज्ञापन देते छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम तिवारी।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर। कुमाऊं विवि की 14 सितंबर से शुरू होने जा रही स्नातक प्रथम वर्ष, फाइनल सेमेस्टर और परास्नातक फाइनल की परीक्षाओं में रुद्रपुर डिग्री कॉलेज के चार हजार से अधिक छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। इधर, शनिवार को छात्रसंघ अध्यक्ष ने प्रभारी प्राचार्य को ज्ञापन सौंपते हुए कोरोना संक्रमण से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए थर्मल स्क्रीनिंग और सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करवाने की मांग की।
परीक्षा प्रभारी डॉ. पीएन तिवारी ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए इस बार परीक्षाओं की अवधि तीन घंटे के स्थान पर दो घंटे की होगी। स्नातक प्रथम वर्ष, फाइनल सेमेस्टर और परास्नातक फाइनल की परीक्षाएं तीन पालियों में आयोजित होंगी। पहली पाली सुबह आठ बजे से 10 बजे तक, दूसरी पाली सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे और तीसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक होगी। परीक्षाएं 14 सितंबर से 18 अक्तूबर तक चलेंगी। परीक्षाओं को लेकर कॉलेज को सैनिटाइज करा दिया गया है।
परीक्षा से पहले कॉलेज गेट पर परीक्षार्थियों की थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइज किया जाएगा। इधर, छात्रसंघ पदाधिकारियों ने प्रभारी प्राचार्य डॉ. आरके पांडेय को ज्ञापन सौंपते हुए परीक्षा से पूर्व छात्र-छात्राओं की थर्मल स्क्रीनिंग, सामाजिक दूरी के पालन के लिए कॉलेज के दो गेट खोलने और परीक्षा के बाद केंद्र को सैनिटाइज करने की मांग की। वहां छात्रसंघ अध्यक्ष शुभम तिवारी, उपाध्यक्ष शिवम कालड़ा, शुभम राठी थे।