रुद्रप्रयाग। तीन दिन की बारिश और बर्फबारी थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन प्रभावित क्षेत्रों में लोगों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। जनपद में सौ से अधिक गांव बर्फबारी से प्रभावित हुए हैं। इनमें 57 गांव अकेले ऊखीमठ ब्लॉक में हैं। बर्फबारी से गांवों में पैदल मार्ग बंद हो चुके हैं। घरों के आंगन व गोशाला में दो से तीन फीट तक बर्फ जमी है, जिससे रोजमर्रा के कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। उधर, केदारनाथ धाम में 10 फीट से अधिक नई बर्फ जमी हुई है। यहां पहले से पांच फीट बर्फ मौजूद थी।
बीते सोमवार से शुरू हुई बारिश व बर्फबारी बुधवार रातभर भी जारी रही। केदारनाथ समेत मद्महेश्वर, तुंगनाथ, कालीशिला, चोपता, देवरियाताल, कार्तिक स्वामी के अलावा करोखी, दिलमी, सारी, उषाड़ा, कांडा, गौंडार, रांसी, गिरिया, उनियाणा, राउंलेक, चौमासी, चिलौंड, जाल तल्ला व मल्ला, कोटमा, ब्यूंखी, गडगू, गैड, बष्टी, बुरूवा, फाफंज, मनसूना, पेंज, जगपुड़ा, पिल्लू, धारतोंदला, मचकंडी, पेलिंग, स्यांसू, लोलछड़ा, जग्गीबगवान, बेडुला, सल्या, तुलंगा, बणसू-जाखधार, जखोली, चिरबटिया, लुठियाग, एकलिंग, भेंट, बुढऩा, जखोली, त्यूंखर, खलियाण, पौंठीख्, बजीरा, पांजणा, कोट, घिमतोली, कनकचौंरी, खड़पतिया, चोपता, भुनका, संकरोड़ी, ठुलकेतू, भराणसैंण समेत सौ से अधिक गांवों में आधा फीट से साढ़े तीन फीट तक बर्फबारी हुई है। बर्फ के चलते ज्यादातर गांवों में पैदल मार्ग भी बंद हो रखे हैं, जिस कारण लोगों को आवाजाही में मुश्किलें हो रही हैं। ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी मवेशियों को चारापत्ती जुटाने की हो रही है। साथ ही पेयजल को लेकर दिक्कतें हो रही हैं। बर्फ से प्रभावित गांवों में पेयजल योजनाएं भी जम चुकी हैं। लोगों को बर्फ पिघलाकर अपनी जरूरतों को पूरा करना पड़ रहा है। जलसंस्थान के ईई संजय सिंह ने बताया कि सोनप्रयाग-गौरीकुंड व तरसाली समेत छह पेयजल योजनाएं बर्फबारी से टूटी हैं। इधर, ऊर्जा निगम ने बर्फबारी से तोषी, त्रियुगीनारायण, मोहनखाल व चंद्रनगर क्षेत्र में बिजली लाइनों को क्षति पहुंचने की बात कही है।
28 वर्ष बाद नगर क्षेत्र में भी तेज बर्फबारी
ऊखीमठ। बुधवार रात्रि को नगर पंचायत के उदयपुर वार्ड तक बर्फ गिर चुकी थी। भले ही मौसम में सुधार होने के बाद दोपहर तक यह बर्फ पिघल गई थी। स्थानीय अनिल कुंवर समेत अन्य लोगों ने बताया कि वर्ष 1992 के बाद यह दूसरा मौका है, जब इतनी बर्फबारी हुई है। यहां लगभग छह इंच तक बर्फ जम चुकी थी।
राजमार्ग समेत चार मोटर मार्ग बंद
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। बर्फबारी के कारण कुंड-ऊखीमठ-चोपता-मंडल-गोपेश्वर हाईवे मक्कूबैंड से आगे हाईवे बंद हैं। इसके अलावा सोनप्रयाग-त्रियुगीनारायण, चिरबटिया-दुगड्डा, रुद्रप्रयाग-चोपता-पोखरी मार्ग भी घिमतोली से आगे बर्फबारी के कारण बंद हैं।