विधायक भरत सिंह चौधरी ने रेलवे के अधिकारियों के लिखित आश्वासन पर एक नवंबर को प्रस्तावित धरना अगले एक माह के लिए स्थगित कर दिया है। उन्होंने मांगों पर उचित कार्रवाई न होने की स्थिति में पुन: आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
शनिवार को जिला कार्यालय में रेलवे व प्रभारी अपर जिलाधिकारी/एसडीएम सदर के साथ विधायक चौधरी ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से प्रभावित हुए लोगों की स्थिति रखी। वार्ता के दौरान रेलवे के अधिकारियों ने प्रभावितों को परियोजना में योग्यतानुसार रोजगार देने व प्रभावितों के ट्रक, डंपर, जेसीबी व अन्य मशीनों का उपयोग करने समेत अन्य बिंदुओं पर लिखित में सहमति बनी, जिस पर विधायक ने धरना स्थगित कर दिया। इस मौके पर रेलवे विकास निगम के एजीएम विजय डंगवाल, एजीएम सुरेंद्र कुमार आर्य, प्रभारी अपर जिलाधिकारी बृजेश तिवारी, कोतवाल कुंवर सिंह बिष्ट मौजूद थे।