रुद्रप्रयाग। मंत्री गणेश जोशी ने अगस्त्यमुनि विकासखंड में आयोजित जनता दरबार एवं बहुद्देशीय शिविर में जन समस्याओं को सुना। इसमें 50 समस्याएं आईं। जिसमें से 20 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
पंचायत भवन कंडारा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में ग्राम प्रधान क्यूंजा विनीता नेगी ने क्यूंजा में राजकीय पॉलीटेक्निक स्वीकृत कराने, शिक्षक-अभिभावक संघ ने राइंका कंडारा में हिन्दी के रिक्त प्रवक्ता पद पर तैनाती करने व उच्छाढुंगी के ग्रामीणों ने सहकारी मिनी बैंक में कार्य प्रणाली ऑनलाइन ढंग से करने की मांग की। कंडारा के ग्रामीणों ने खेल मैदान के विस्तारीकरण व सुरक्षा दीवार लगाने, विछना देवी ने बारिश से क्षतिग्रस्त हुए भवन का मुआवजा देने की मांग की। क्यूंजा के दर्शन सिंह, कंडारा के कुलदीप सिंह भंडारी ने सड़क मार्ग की समस्या उठाई।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई हैं जिनमें बहुत सी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अन्य को संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र से अब तक लखपति दीदी योजना के तहत 70 बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। इस मौके पर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा विजय कप्रवान, शकुंतला जगवाण, सदस्य जिला पंचायत सुमंत नेगी, मंडल अध्यक्ष अनिल कोठियाल समेत भारी संख्या में ग्रामीण व अधिकारी मौजूद थे।