एमआई 17 हेलीकाप्टर केदारनाथ में ट्रायल लैंडिंग नहीं कर पाया। धाम में सुबह 11 बजे तक कोहरा और हल्की बारिश के कारण ऐसा नहीं हो पाया। दोपहर बाद मौसम में सुधार हुआ, लेकिन गौरीकुंड से लिनचोली के बीच कोहरा छाया रहा। बीते दो दिन भी खराब मौसम के कारण एमआई-17 हेलीकाप्टर केदारनाथ में ट्रायल लैंडिंग नहीं कर पाया था।
उधर, राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बुधवार को केदारनाथ भ्रमण को लेकर धाम में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गढ़वाल आयुक्त विनोद शर्मा व गढ़वाल आईजी संजय गुंज्याल ने अधिकारियों की बैठक लेते हुए दिशा-निर्देश दिए।
धाम में मंगलवार को विभागीय, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों व जवानों की बैठक लेते हुए गढ़वाल कमिश्नर ने महामहिम के भ्रमण कार्यक्रम पर चर्चा की। इस दौरान रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी से भी कमिश्नर ने की गई व्यवस्थाओं की जानकारी मांगी। कहा कि कार्यक्रम को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गढ़वाल आईजी संजय गुंज्याल ने सुरक्षा व्यवस्था के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि महामहिम के भ्रमण को लेकर सुरक्षा को लेकर सभी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बैठक में शासन व प्रशासन के कई आला अधिकारियों सहित जिले के सभी विभागों के विभागध्यक्ष भी मौजूद थे।
छावनी बनी केदारपुरी
महामहिम राष्ट्रपति के भ्रमण को लेकर केदारनाथ धाम को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। दो किमी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 3 एसपी, 1 एक अपर पुलिस अधीक्षक, 9 सीओ, 2 निरीक्षक, 16 थानाध्यक्ष सहित 170 कांस्टेबल, 24 हेड कांस्टेबल, 24 महिला कांस्टेबल, एक कंपनी पीएसी, बीडीएम की एक टीम व डाग स्वायड को तैनात किया गया है। इधर गौरीकुंड से रुद्रा प्वाइंट तक भी पुलिस द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
निम ने तैयार की एटीवी
एमआई-17 हेलीपैड से मंदिर परिसर तक महामहिम एटीवी से पहुंचेंगे। निम द्वारा चयनित वाहन को तैयार कर दिया गया है। दूसरी तरफ हेलीपैड से मंदिर तक पैदल मार्ग को भी चकाचक किया गया है।
हेली सेवा रहेगी बंद
बुधवार को प्रात: 6:30 बजे से केदारनाथ यात्रा के तहत संचालित निजी हेली सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। महामहिम राष्ट्रपति के धाम से देहरादून रवाना होने के बाद प्रात: 10:30 बजे यात्रा के लिए हेली सेवा शुरू की जाएगी। दूसरी तरफ बुधवार को प्रात: 7 बजे से 10:30 बजे तक एमआई-26 हेलीपैड से मंदिर तक आम आवाजाही भी बंद रहेगी। इस दौरान वही लोग आ-जा सकते हैं, जिन्हें पास जारी किए गए हैं। बताया जा रहा है कि यात्रा को भी कुछ देर के लिए रोक दिया जाएगा। दर्शनों के लिए पहुंचने वाले यात्रियों को एमआई-26 हेलीपैड में बने काटेज में ठहराया जाएगा।
केदारनाथ पहुंचने वाले दूसरे राष्ट्रपति
रुद्रप्रयाग (ब्यूरो)। स्वतंत्र भारत के इतिहास में यह दूसरा मौका है, जब कोई राष्ट्रपति केदारनाथ पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन करेगा। इससे पूर्व वर्ष 1977 से 1982 तक देश के राष्ट्रपति रहे स्व. नीलम संजीव रेड्डी वर्ष 1980 में केदारनाथ पहुंचे थे। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी धाम पहुंच रहे हैं, जिससे बीकेटीसी व प्रशासन गदगद हैं। गुप्तकाशी के वयोवृद्ध केदारनाथ के वयोवृद्ध तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोश्ती बताते हैं कि वर्ष 1980 में देश के छठवें राष्ट्रपति केदारनाथ पहुंचे थे। वे करीब एक घंटा धाम में रहे थे। इसके अलावा उप राष्ट्रपति रहते हुए नब्बे के दशक में आर वैंकटरमन तथा प्रधानमंत्री रहते हुए स्व. इंदिरा गांधी, स्व. मोराजी देसाई व स्व. विश्वनाथ प्रताप सिंह भी केदारनाथ पहुंचे थे। गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी केदारनाथ आ चुके हैं। वे कुछ दिन गरूडचट्टी में रहे भी थे।
पुलिस की रिर्हसल परेड
रुद्रप्रयाग (ब्यूरो)। केदारनाथ में राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को पुलिस की रिर्हसल परेड कराई गई। सुबह मौसम खराब होने के कारण शाम 4 बजकर 45 मिनट पर एमआई-26 हेलीपैड़ पर परेड की गई। इस मौके पर आईजी गढ़वाल समेत प्रशासन व पुलिस के आला अधिकारी मौजूद थे। उधर गौचर में हवाई पट्टी को पूरी तरह सीज कर दिया गया है। बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। चमोली के जिलाधिकारी द्वारा बताया कि व्यवस्थाओं को चाक चौंबद कर दिया गया है।