18 से 20 नवंबर तक होगा मद्महेश्वर मेला
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। भगवान मद्महेश्वर की चल उत्सव विग्रह डोली के आगमन पर आयोजित होने वाले त्रिदिवसीय मद्महेश्वर मेले की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले को भव्य रूप देने के साथ ही विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बृहस्पतिवार को नगर पंचायत सभागार में नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 18 से 20 नवंबर तक होने वाले मद्महेश्वर मेले की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में डॉ. कैलाश पुष्पवान के निधन के बाद रिक्त हुए कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी रवीन्द्र पुष्पवान को सौंपी गई, जबकि पूर्व प्रधान संदीप पुष्पवान को मेला समिति का महामंत्री बनाया गया। मेले के सफल आयोजन के लिए नगर पंचायत के चारों सभासदों के साथ ही ऊखीमठ पंचगाई के ग्राम प्रधानों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्यों को समिति में सक्रिय भूमिका निभाने की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के साथ खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। बैठक में मेला सचिव प्रकाश रावत, सभासद प्रदीप धर्म्वाण, सरला रावत, मनवर सिंह नेगी, राजीव भट्ट, दिनेश तिवारी, राजेन्द्र धर्म्वाण, प्रताप धर्म्वाण, जगदीश लाल, मनवर धर्म्वाण, दलबीर रावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।