जिला अस्पताल का निरीक्षण करती टीम।
- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की जिला मॉनिटरिंग कमेटी ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल और निजी अस्पतालों में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में मेडिकल वेस्ट खुले में पड़ा मिला जबकि एक निजी अस्पताल में बायो मेडिकल वेस्ट और अन्य कूड़ा एक जगह पड़ा हुआ मिला। दोनों अस्पतालों को नोटिस देने की तैयारी चल रही है।
प्रभारी सीएमओ और मॉनीटरिंग कमेटी के सचिव डॉ. हरेंद्र मलिक व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड काशीपुर की साइंटिफिक असिस्टेंट मालती आर्या ने जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला अस्पताल में मेडिकल वेस्ट खुले में पड़ा मिला। जिस पर टीम ने नाराजगी जताई। इसके बाद टीम ने शहर के बीडी पाठक अस्पताल, अमृत अस्पताल, अग्रसेन अस्पताल , प्रकाश हॉस्पिटल, लाइफ लाइन और ओम हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया।
साथ ही अस्पताल संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए। मॉनिटरिंग कमेटी के सचिव डॉ. मलिक ने कहा कि राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के आदेशानुसार प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम के साथ ही जिला अस्पताल समेत छह निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में जिला अस्पताल में बायो मेडिकल वेस्ट खुले में पड़ा मिला जबकि अग्रसेन अस्पताल में मेडिकल वेस्ट व सामान्य कूड़ा मिक्स मिला। उन्होंने कहा कि दोनों की अस्पतालों को जल्द नोटिस जारी किया जाएगा।