केदारनाथ यात्रा के दौरान रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राजमार्ग पर 500 मीटर के दायरे में मीट की दुकान नहीं खुलेगी। वहीं बाजार में भारी वाहनों से प्रात: 11 बजे तक ही सामान का ढुलान हो सकेगा।
सोमवार को हुई बैठक में पुलिस और व्यापार संघ ने बेहतर यात्रा संचालन के लिए आपसी तालमेल बेहतर बनाने पर जोर दिया। इस दौरान थानाध्यक्ष विपिन चंद्र पाठक ने बताया कि हाईवे के 500 मीटर के दायरे में मीट की दुकान यात्रा के दौरान नहीं खुलेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यात्राकाल के शुरूआती 50 दिनों तक गुप्तकाशी में रुद्रप्रयाग, कालीमठ, जाखधार व गौरीकुंड प्वाइंट पर एक-एक वाहन ही खड़े रहेंगे। अन्य वाहन त्रिवेणी मोड़ या सड़क किनारे चौड़े वाले स्थानों पर खड़े किए जाएंगे। जबकि बसुकेदार, ऊखीमठ, तुलंगा आदि क्षेत्रों के लिए संचालित होने वाले वाहनों को मधुवन चौक के समीप खड़ा किया जाएगा। कहा कि जो नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए व्यापार संघ अध्यक्ष अनुसूया प्रसाद ने कहा कि यात्रा में बाबा केदार के दर्शनों को आने वाले श्रद्धालुओं व यात्रियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। इस मौके पर जीप-टैक्सी यूनियन अध्यक्ष राय सिंह राणा ने बताया यात्रा काल में वाहनों की संख्या अधिक होने से जाम की स्थिति पैदा हो जाती है।
ऐसे में लोकल यातायात को संचालित करने के लिए बेहतर इंतजाम की जरूरत है। बैठक में व्यापारी, स्थानीय लोग व पुलिस कर्मी मौजूद थे।