अगस्त्यमुनि। दस्तक परिवार का इस वर्ष का ‘उम्मीदों के पहाड़ सम्मान’ नगर निगम श्रीनगर की प्रथम महापौर व अगस्त्यमुनि की बेटी आरती भंडारी को दिया जाएगा। इसके साथ ही ‘दस्तक पहाड़ी युवा प्रतिभा सम्मान’ से भी दो महिलाओं को नवाजा जाएगा। 16 मार्च को खेल मैदान में आयोजित फूलदेई महोत्सव एवं घोघा जातरा में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
दस्तक पहाड़ के संपादक दीपक बेंजवाल ने बताया कि घोघा प्रतियोगिता सुबह 10 से शुरू होगी। इस दौरान फुल्यारी बच्चों की ओर से घोघा जातरा भी निकाली जाएगी। उन्होंने बताया कि अगस्त्यमुनि की बेटी व श्रीनगर नगर निगम की प्रथम महापौर निर्वाचित हुईं आरती भंडारी को वर्ष 2025 का ‘उम्मीदों के पहाड़ सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। महोत्सव में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान को बढ़ावा देते हुए आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाली दुगड्डा के बमोली गांव निवासी वंदना भट्ट और लोकगीत गायक देवलाधार-रुमसी गांव निवासी पूनम को ‘दस्तक पहाड़ी युवा प्रतिभा सम्मान’ से नवाजा जाएगा। दस्तक परिवार बीते 15 वर्ष से निरंतर फूलदेई महोत्सव एवं घोघा जातरा का आयोजन करता आ रहा है। संवाद