विवाहिता को ब्लैकमेल करने और उसके कमरे में घुसकर छेड़छाड़ करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। कोर्ट में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
शनिवार को पुलिस ने जिले के एक गांव से नीरज सिंह नेगी (27) पुत्र त्रिलोक सिंह नेगी को विवाहिता के घर में घुसकर उसके साथ छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से महिला को परेशान कर रहा था। पुलिस ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व युवक और युवती (अब विवाहिता) की फेसबुक पर पहचान हुई थी।
कुछ दिन बाद दोनों ने मोबाइल से भी बात करना शुरू की और मिलने लगे। इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर युवती से शारीरिक संबंध बनाए और मोबाइल से फोटो और वीडियो भी तैयार कर लिया। इसके बाद युवक, क्लिपिंग को परिजनों को दिखाने व इंटरनेट पर अपलोड की धमकी देकर युवती का मानसिक शोषण करता रहा। इधर, पिछले कुछ माह पूर्व युवती का विवाह हो गया, लेकिन युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसने विवाहिता के पति का मोबाइल नंबर निकालकर वीडियो क्लिपिंग भेजी।
वहीं, महिला को भी फोन कर परेशान करता रहा। इसी के तहत युवक बीते शुक्रवार को महिला के ससुराल भी पहुंच गया। यहां वह उसके कमरे में घुस गया और छेड़खानी करने लगा, जिस पर परिजनों ने विरोध करते हुए उसे बाहर धकेला। सूचना पर थाना सोनप्रयाग के प्रभारी राम कुमार जुयाल मय फोर्स गांव पहुंचे और युवक को गिरफ्तार किया।
गुप्तकाशी के थाना प्रभारी विपिन चंद्र पाठक ने बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर युवक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान युवक के मोबाइल से भी महिला के कुछ फोटो व वीडियो मिले हैं। महिला मानसिक तनाव में है। शनिवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
पिता के वाहन का करता था प्रयोग
युवका का पिता सीआईएसएफ में तैनात हैं। पिता के घर लौटने पर युवक उनके सेंट्रो वाहन में बतौर बोर्ड लगाकर उसका उपयोग करते हुए स्थानीय लोगों पर अपना रौब भी दिखाता था। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है।