सांदर गांव की महिलाओं ने रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर खुले ठेके को खाली कराते हुए शराब कारोबारियों को खदेड़ा। लाठी डंडो के साथ पहुंची महिलाओं ने ठेके के समीप क्रशर क्षेत्र तक निरीक्षण कर छुपाई गई तीन शराब पेटी शराब व बीयर को मौके पर ही नष्ट किया।
रविवार, दोपहर बाद करीब ढाई बजे सांदर गांव की महिलाओं को सूचना मिली के गांव के नीचे हाईवे के समीप शराब का ठेका खोला गया है।
तो वे ग्राम प्रधान कमला देवी के नेतृत्व में लाठी-डंडों को हाथ लेकर मौके पर पहुंची। आक्रोशित महिलाओं ने कारोबारियों से तत्काल दुकान खाली करने को कहा। दोनों पक्षों में बहस भी हुई, लेकिन महिलाएं कमरा खाली कराने पर अडिग रही, जिस पर कारोबारियों को मजबूरन शराब व वीयर की पेटियों को अन्यत्र शिफ्ट करना पड़ा। महिलाओं ने मकान के कमरे पर ताला लगाकर मकान मालिक को चाबी सौंप दी।
और भविष्य में ठेका खोलने के लिए कमरा नहीं देने की बात कही। इसके बाद महिलाओं ने मकान के समीप संचालित क्रशर क्षेत्र तक निरीक्षण किया और वहां छुपाई गई तीन पेटी शराब व वीयर को मौके पर नष्ट किया। गांव के युवक मंगल दल ने भी मौके पर पहुंचकर महिलाओं के आंदोलन का समर्थन किया।
इस मौके पर कल्पेश्वरी देवी, सुशीला देवी, सीमा देवी, अनिता देवी, सरोजनी देवी, सुषमा देवी, संगीता देवी, ऊषा देवी, देवेश्वरी देवी, शकुंतला देवी, गुड्डी देवी, मुन्नी देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद थे।