श्री बदरीनाथ धाम की आरती के रचनाकार स्व. धन सिंह बर्त्वाल के परिवार को बीकेटीसी की ओर से सम्मानित किया गया। मंदिर समिति के अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, उपाध्यक्ष अशोक खत्री, चारधाम विकास परिषद के उपाध्यक्ष आचार्य शिव प्रसाद ममगाईं ने स्व. बर्त्वाल के पौत्र महेंद्र सिंह बर्त्वाल को शॉल, प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह में बीकेटीसी के अध्यक्ष थपलियाल ने कहा कि श्रीबदरीनाथ धाम की आरती को समिति ने अधिकारिक मान्यता दे दी है। साथ ही स्व. बर्त्वाल द्वारा इस आरती को लिखा गया है, इसके सभी प्रमाण भी मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि रचनाकार की सत्यता को लेकर यूसैक निदेशक प्रो एमपीएस बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता गंभीर बिष्ट व आचार्य केएन नौटियाल का प्रयास सराहनीय रहा है। समिति के उपाध्यक्ष खत्री ने कहा कि स्व. बर्त्वाल ने रुद्रप्रयाग ही नहीं उत्तराखंड को नया मान दिया है। इस मौके पर बृजभूषण गैरोला, केएन सिंघल, अनिल ध्यानी, उपेंद्र बर्त्वाल, अरुण मैठाणी, चंद्रकला ध्यानी, यशवंत फरस्वाण, राकेश कुंवर आदि मौजूद थे। स्व. बर्त्वाल ने 1881 में श्रीबदरीनाथ धाम की आरती की रचना की थी, जिसे बीते वर्ष बीकेटीसी ने अधिकारिक मान्यता दी। (ब्यूरो)