पंतनगर। विवि के पशु चिकित्सा एवं पशु पालन विज्ञान महाविद्यालय में लैब तकनीशियन के पद पर कार्यरत सुब्बा राम को अवैध रूप से दूसरी शादी करने एवं पूर्व पत्नी और बच्चों का दायित्व निर्वहन नहीं किए जाने के चलते कुलपति की संस्तुति पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
संगीता देवी ने 28 सितंबर और 11 अक्तूबर 2017 को कुलपति से अपने पति की दूसरी शादी करने की शिकायत की थी। कुलपति के निर्देश पर त्रिस्तरीय जांच समिति गठित की गई। समिति ने चार अप्रैल 2018 को अपनी जांच आख्या प्रस्तुत की लेकिन सुब्बा राम ने 25 नवंबर 2017 को जांच समिति को लिखे पत्र में मामला न्यायालय में लंबित होने का हवाला दिया। इसके बाद चार जून 2018 तक जांच प्रकरण निक्षेपित कर दी गई। इधर, संगीता देवी ने 25 अगस्त 2018 को प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर प्रमाण सहित अवगत कराया कि पूर्व से ही न्यायालय में कोई मामला लंबित और विचाराधीन नहीं है। इसके सवा साल तक विवि प्रशासन ने सुब्बा राम पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई। संगीता देवी ने 13 दिसंबर 2019 को कुलपति को पत्र लिखकर कार्रवाई न होने पर सपरिवार 23 दिसंबर से आमरण अनशन की चेतावनी दी थी। इसके बाद हरकत में आए विवि प्रशासन ने विधिक राय लेकर सुब्बा राम को शनिवार को ही तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ किए जाने के आदेश पारित कर दिए।
संगीता देवी की शिकायत पर त्रिस्तरीय समिति की जांच में मामला सही पाया गया है। मैंने संस्थापनाधिकारी को संबंधित प्रकरण में आवश्यक कार्रवाई की संस्तुति कर दी है।
डॉ. तेज प्रताप, कुलपति पंतनगर विवि