रुद्रपुर। नागरिक संशोधन कानून (सीएए) को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए जिले में पुलिस खास एहतियात बरत रही है। सभी प्रमुख चौराहों में पुलिस फोर्स तैनात होने के साथ ही कानून का शांतिपूर्वक समर्थन या विरोध करने की अपील की जा रही है।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर कानून के समर्थन या विरोध में गलत टिप्पणी करने पर जिले में चिह्नित किए गए 14 लोगों को थाने बुलवाकर पोस्ट हटवाई हैं। इन लोगों को चेतावनी देने के साथ ही 107/116 की कार्रवाई की गई है। पुलिस यूपी से सटे बॉर्डर पर आने-जाने वाले वाहनों की सघनता से जांच कर रही है। इसके अलावा बॉर्डर के जिलों के पुलिस अधिकारियों से भी संपर्क किया जा रहा है।
दरअसल नागरिक संशोधन कानून के खिलाफ देशभर में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं और कई जगहों पर प्रदर्शनों ने उग्र रूप धारण कर लिया है। प्रदर्शनों को लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है। जिले में पुलिस ने इस संबंध में जुलूस निकालने पर रोक लगाई है। शहरों में चौराहों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। बिल का शांतिपूर्वक विरोध या समर्थन करने की गुजारिश पुलिस की ओर से की जा रही है।
एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने बताया कि लोगों को एक जगह पर विरोध और समर्थन करने को कहा जा रहा है ताकि वहीं पर अधिकारी उनसे ज्ञापन ले लें। बॉर्डर क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है ताकि असामाजिक तत्वों की आवाजाही कर समस्या न खड़ी कर दें। सभी बॉर्डर जिलों के पुलिस अधिकारियों से जिले की पुलिस संपर्क में है।
बताया कि सोशल मीडिया में बिल के समर्थन या विरोध में कुछ लोगों ने अनर्गल टिप्पणी की हैं। माहौल बिगाड़ने वाली टिप्पणी करने वालों को थानों में बुलाकर हिदायत दी गई और पोस्ट हटवाई गई हैं। आइंदा पोस्ट करने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इनमें खिलाफ पाबंद करने की कार्रवाई भी की गई है।
आपत्तिजनक, अभद्र और भड़काऊ पोस्ट न करने की अपील
गदरपुर। एनआरसी और सीएए के विरोध में देशभर में हो रहे विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर गदरपुर पुलिस ने क्षेत्र की जनता से सोशल मीडिया के माध्यम से किसी प्रकार की आपत्तिजनक, अभद्र और भड़काऊ पोस्ट न करने की अपील की है।
थानाध्यक्ष जसविंदर सिंह ने थाना गेट के अलावा नगर के तमाम सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों के बाहर पोस्टर लगवा कर किसी प्रकार के अनाधिकृत पोस्ट करने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस प्रशासन की ओर से फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम यूट्यूब और व्हाट्सएप आदि सोशल साइटों पर नजर रखी जा रही है।
----
सपाइयों ने सीएए वापस लेने की मांग, ज्ञापन सौंपा
बाजपुर। सीएए को वापस लेने की मांग को लेकर शनिवार को सपाइयों ने एसडीएम दफ्तर पहुंचकर प्रदर्शन कर एसडीएम की गैरमौजदूगी में उनके पेशकार पवन कुमार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। दोपहर करीब 12 बजे सपा यूथ बिग्रेड प्रदेशाध्यक्ष अरविंद यादव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता एसडीएम दफ्तर पहुंचे।
उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को तत्काल वापस लिए जाने की मांग की। वहां उस्मान, साहिद अली, राशिद, नवाब हैदर काजमी, मुमताज अहमद, रईस अहमद, रियाज शेख, शानू खान, असद अब्बास, परवेज हैदर, जफर अब्बास, मौसीन, अली नफी, अमित कुमार, बबलू यादव, निजाम, रफी खां, अनस, विशाल यादव, राहुल यादव, उज्ज्वल, योगेश आदि थे।