रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम में इस वर्ष अब तक 17,75,059 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। पिछले साल यह आंकड़ा साढ़े सत्रह लाख था। 11 नवंबर को केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने हैं। ऐसे में यात्रा बंद होने में अभी 20 दिन का समय शेष है और यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। मौसम अनुकूल रहने से यात्रा और हेली सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रा के शेष दिनों में भी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। धाम में हल्की बर्फबारी और तापमान में गिरावट को देखते हुए उन्होंने यात्रियों से मौसम की जानकारी लेकर यात्रा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु पर्याप्त गर्म कपड़े, जरूरी सामग्री, दवाएं साथ लेकर आएं और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। संवाद