रविवार को एक दिवसीय अनुष्ठान के तहत ऊखीमठ के गड्गू गांव से बुग्यालों के लिए प्रस्थान करते हुए जाख
- फोटो : RUDRAPRYAG
विकासखंड के गडूूग गांव के बुग्यालों में एक दिवसीय जाखराजा मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर भक्तों ने दर्शन कर घर-परिवार की सुख-समृद्धि की मनौतियां भी मांगी। देर शाम को आराध्य देवता की डोली गांव में अपने मूल मंदिर में विराजमान हो गई है।
रविवार को जाख देवता के मंदिर में पंडित शिव प्रसाद सेमवाल ने जाख देवता की पूजा-अर्चना करते हुए महाभिषेक किया। साथ ही आरती करते हुए भोग लगाया, इसके बाद देवता की मूर्तियों को विधि-विधान के साथ डोली में विराजमान किया गया। सुबह दस बजे भगवान जाखराजा देवता की डोली ने मंदिर की परिक्रमा करते हुए बुग्यालों के लिए प्रस्थान किया। इस मौके पर आराध्य अपने पश्वा पर अवतरित हुए और भक्तों को आशीर्वाद दिया। डोली ने कून में रेवती नदी पर स्नान किया और दोपहर 12 बजे देव निषाणों के साथ बुग्यालों में पहुंची। जहां पर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना व अन्य धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया गया। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि जिपं उपाध्यक्ष सुमंत तिवारी, जिपं सदस्य विनोद राणा, सुमन नेगी, पूर्व सदस्य संगीता नेगी, क्षेपं सदस्य लक्ष्मण राणा आदि मौजूद थे।
(ब्यूरो)