क्षेत्र पंचायत की बैठक में बिजली, पानी, सड़क व वनाग्नि के मुद्दे छाए रहे। जनप्रतिनिधियों ने बैठक में अधिकारियों से समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
ब्लॉक सभागार में प्रमुख प्रदीप थपलियाल की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष कपिल सिंह राणा ने सौंरा मोटर मार्ग को महरगांव, माथगांव, सकलाना होते हुए ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ने की मांग की। ग्राम प्रधान पुरुषोत्तम लाल, ममता देवी, सरबीर सिंह मेंगवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरीश कुमार शाह ने अपने-अपने क्षेत्र की बिजली, पानी, सड़क व वनाग्नि की घटनाओं के बारे में सदन को अवगत कराया। बीडीसी बैठक में सुमाड़ी में बोरिंग/लिफ्ट योजना, सेमा-पाटुली-सुमाड़ी, पौंरी-पीपली पेयजल पुनर्गठन योजना, जर्जर बिजली के पोलों को हटाने, ब्लॉक मुख्यालय जखोली में एसबीआई के अलावा अन्य बैंक शाखा खोलने की मांग, सदस्यों द्वारा रखी गई। इस दौरान विधायक भरत सिंह चौधरी ने जनप्रतिनिधियों को भरोसा दिया कि आगामी बीडीसी से पूर्व नए बीडीसी हॉल का निर्माण शुरू हो जाएगा। बीडीओ रोशन लाल के संचालन में हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में परियोजना अर्थशास्त्री मोहन सिंह नेगी, सहायक निदेशक रमेश चंद्र, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र सिंह चौधरी, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डा. रमेश सिंह नित्वाल समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।