जिला मुख्यालय से होकर गुजर रहा रुद्रप्रयाग-चोपता-पोखरी मार्ग हादसों को न्यौता दे रहा है। कई स्थानों पर भूस्खलन जोन सक्रिय होने से खतरा बना है। जनप्रतिनिधियों ने मार्ग सुधार की मांग की है।
रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि व चमोली जनपद के पोखरी ब्लाक के दो सौ से अधिक गांवों को जोड़ने वाला रुद्रप्रयाग-चोपता-पोखरी मार्ग शुरूआत से ही बदहाल है। कलेक्ट्रेट से दो किमी आगे दो स्थानों पर ऊपरी तरफ पहाड़ियों से बड़े क्षेत्र में भूस्खलन जोन बना हुआ है। यहां पर पत्थर व मलबा पहाड़ी से दरक रहा है, जिससे सुरक्षा दीवार भी ध्वस्त हो गई है। इसके अलावा अधिकांश मार्ग पर डामर उखड़ा हुआ है। ऐसे में वाहनों के आवागमन से मार्ग पर धूल का गुबार उड़ रहा है।
52 किमी लंबा यह मार्ग इन दिनों खस्ताहाल बना हुआ है। सन जीरो बैंड से बैंड होते हुए सतेराखाल, मवाधार, मयकोटी, बजणू बैंड, मोहनखाल व कनकचौरी क्षेत्र में मार्ग की स्थिति सबसे खतरनाक है। यहां कई स्थानों मार्ग की चौड़ाई कम होने से छोटे वाहनों को भी पास लेने में दिक्कतें हो रही हैं। दूसरी तरफ पूरे मार्ग पर निकास नाली कई स्थानों पर बंद पड़ी है।
इनका कहना है -
मार्ग सुधार के लिए इन दिनों सामग्री एकत्रित की जा रही है। अगले सप्ताह से काम शुरू कर दिया जाएगा। भूस्खलन जोन वाले स्थानों पर वायरक्रेट लगाने का प्रस्ताव है।
-- आरसी उनियाल, एई पीएमजीएसवाई रुद्रप्रयाग
सड़क की स्थिति दयनीय, आंदोलन की चेतावनी
रुद्रप्रयाग। जखोली ब्लाक के पूर्व बांगर क्षेत्र को जोड़ने के लिए छेनागाड़-बक्सीर सड़क की स्थिति दयनीय बनी हुई है। डामरीकरण नहीं होने से ग्रामीणों को उबड़-खाबड़ सड़क से ही आवाजाही करनी पड़ रही है। वहीं सड़क पर भटकंडी तोक व मथ्यागांव गदेरे पर पुलिया का निर्माण नहीं हो पाया है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि जल्द डामरीकरण व पुलिया का निर्माण नहीं होने पर ग्रामीण जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर सीडीओ कार्यालय में धरना देंगे।
पूर्वी बांगर के डांगी, खौड़, बक्सीर, भुनालगांव, मथ्यागांव, घंघासू, भैडारु आदि गांवों के लिए वर्ष 2008 में छेनागाड़-बक्सीर सड़क निर्माण को स्वीकृति मिली थी। अब आठ वर्ष बाद भी सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो पाया है। डांगी के प्रधान नवीन सेमवाल, बक्सीर के प्रधान उम्मेद सिंह, भुनालगांव के प्रधान पाल सिंह राणा, खौड़ की प्रधान यशोदा देवी, मथ्यागांव की प्रधान गीता देवी, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश प्रसाद भट्ट ने बताया कि सड़क कटिंग भी गलत तरीके से की गई। बताया कि पुलिया का निर्माण नहीं होने से बरसात के दौरान यातायात बंद हो जाता है। उन्होंने शीघ्र सड़क व पुलिया का निर्माण पूर्ण करने की मांग की। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता इंद्रजीत बोस ने बताया कि पुलिया का काम जारी है। साथ ही डामरीकरण भी जल्द करवाए जाएगा।