जिलाधिकारी मनुज गोयल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से स्वास्थ्य, विकास विभाग, राजस्व, पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने 18 से 45 वर्ष तक की उम्र के लोगों के कोरोना टीकाकरण के लिए पंजीकरण को लेकर उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ऑनलाइन बैठक में संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर विभागीय अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ स्वयं का ध्यान रखने को कहा। सीएमओ डा. विंधेश कुमार शुक्ला ने बताया कि 18 से 45 वर्ष तक के लोगों का टीकाकरण आगामी एक मई से शुरू होना है। इसके लिए बुधवार से पंजीकरण शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई है। जो व्यक्ति पंजीकरण कराने में सक्षम नहीं है, उनके लिए निकट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य एलोपैथिक स्वास्थ्य केंद्र व अन्य आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में डेस्क गठित की जाएगी। जिले में प्रतिदिन दो हजार लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिलाधिकारी ने एसडीएम सहित पुलिस व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को संयुक्त रूप से अतिरिक्त टीकाकरण के लिए केंद्र चयनित करने के निर्देश भी दिए। ऑनलाइन बैठक में पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, एडीएम दीपेंद्र नेगी, एसडीएम बृजेश तिवारी, परमानंद राम सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।