जखोली ब्लॉक के भरदार पट्टी के 18 ग्राम पंचायतों ने लंबित सड़कों के निर्माण के लिए आरपार की लड़ाई का मन बना लिया है। मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में 20 फरवरी तक सड़कों का निर्माण शुरू न होने पर जनता ने क्रमिक अनशन व भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।
भरदार पट्टी के गांवों को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए वर्ष 2005 से लेकर 2018 तक जवाड़ी-मल्यासू-कोटली-बांसी, सौंराखाल-सतनी-बांसी, सेम-डुंगरी, कालापहाड़-थापला-ख्वीड़ा-दरमोला, धारी-पपडासू-मल्यासू, धारी-सेरा-स्यांरी, तलपंदेरा-क्वीला-मठियाणाखाल, लौंगा-सेमा-लडियासू-बीराणगांव, भ्यूंता-खरगेड और चौंडा-पल्लीगाड़-मुरचौंडा मोटर मार्ग स्वीकृत किए गए, लेकिन आज तक इन मार्गों का निर्माण नहीं हो पाया है। भरदार जन विकास मंच के अध्यक्ष एलपी डिमरी ने बताया कि मार्गों के निर्माण की मांग को लेकर शासन-प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया। इधर, लोनिवि के ईई इंद्रजीत बोस ने बताया कि स्वीकृत मोटर मार्गों के निर्माण की औपचारिकताएं चरणबद्ध पूरी की जा रही हैं। नए वित्तीय वर्ष में ज्यादातर सड़कों का कार्य शुरू हो जाएगा।