बच्चों को निमोनिया से बचाने के लिए घर-घर पहुंच कर रहे जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। सर्दियों में बच्चों को निमोनिया और सांस संबंधी संक्रमण से बचाने के लिए जनपद में सांस अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर अभिभावकों को निमोनिया से बचाव, शुरुआती लक्षणों की पहचान और समय पर उपचार की जानकारी दे रहे हैं। बच्चों की तेज सांस चलना, बुखार या दूध पीने में दिक्कत हो तो तुरंत अस्पताल लाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि सर्दियों में छोटे बच्चों में श्वसन संक्रमण और निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य इकाइयों और सामुदायिक स्तर पर जागरूकता गतिविधियां की जा रही हैं। आशा कार्यकर्ता, एएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी पांच वर्ष तक के बच्चों के अभिभावकों को निमोनिया के लक्षणों और बचाव के बारे में जानकारी दे रहे हैं। मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमा असवाल ने अभिभावकों को निमोनिया के कारण, लक्षण और बचाव की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चे को खांसी, तेज सांस चलना, बुखार या दूध पीने और भोजन खाने में परेशानी होना निमोनिया के लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में बच्चे को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाना चाहिए। यह अभियान 28 फरवरी तक चलेगा।