कोविड -19 संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच प्रशासन ने जिला मुख्यालय से लगे हीतडांग सहित अगस्त्यमुनि विकासखंड के ग्राम मालखी व भटवाड़ी को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। यहां क्रमश: 35, 27 और 33 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जनपद में पहले से ही मणिगुह को कंटेनमेंट व डंगवाल गांव को मिनी कंटेनमेंट जोन घोषित किया जा चुका है।
बीते एक माह में जिले में कोरोना के दिनोंदिनों रिकार्ड मामले पहुंच रहे हैं। स्थिति यह है कि संक्रमितों का आंकड़ा 1300 तक पहुंच चुका है। जबकि मृतकों की संख्या 38 हो गई है, जिसमें 27 मौतें इस वर्ष हो चुकी हैं। जिला मुख्यालय में नगर पालिका के वार्ड छह हीतडांग में 35 लोगों के संक्रमित पाए जाने पर प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। वहीं, अगस्त्यमुनि ब्लॉक के छहज्यूला के ग्राम भटवाड़ी व मालखी में भी कोरोना संक्रमण के कई मामले प्रकाश में आए हैं। जिलाधिकारी मनुज गोयल के निर्देश पर उप जिलाधिकारी बृजेश तिवारी ने दोनों गांवों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।