संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जनपद चमोली के चटवापीपल क्षेत्र सहित अन्य कुछ स्थानों पर बदरीनाथ हाईवे बाधित होने के कारण चमोली क्षेत्र से आवागमन करने वाहनों की आवाजाही रुद्रप्रयाग के विभिन्न संपर्क मार्गों से हो रही है। पुलिस उक्त मोटर मार्ग पर यात्री एवं क्षेत्रीय लोगों की सुविधा के लिए निरंतर संपर्क बना रही है। इससे इन मार्गों से गुजरने वाले वाहनों को किसी तरह की दिक्कतें न हो।
पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे के निर्देशन में जनपद चमोली के लिए आवाजाही करने वाले स्थानीय एवं यात्री वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों की निरंतर जानकारी दी जा रही है। रुद्रप्रयाग जनपद में जनपद चमोली में प्रवेश करने वाले छोटे वाहन रुद्रप्रयाग-गौचर क्षेत्र के भट्टनगर-रानो-बमोथ-खाल सरमोला-कर्णप्रयाग मोटर मार्ग से आवाजाही कर सकते हैं।
वहीं जनपद चमोली में प्रवेश करने वाले बड़े वाहन रुद्रप्रयाग-सतेराखाल-दुर्गाधार-चोपता-मोहनखाल-पोखरी-कर्णप्रयाग या रुद्रप्रयाग-तिलवाड़ा-अगस्त्यमुनि-कुंड-ऊखीमठ-मंडल-चोपता मोटर मार्ग को उपयोग कर सकते हैं।