भरदार जन विकास मंच ने करोड़ों की लागत से निर्माणाधीन रौठिया-जवाड़ी ग्राम समूह पेयजल योजना की उच्चस्तरीय जांच और फेज-टू का निर्माण 15 फरवरी तक शुरू करने की मांग की है। अन्यथा ग्रामीण जलनिगम कार्यालय में भूख हड़ताल के लिए मजबूर होंगे। मंच ने इस संबंध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है।
मंच के अध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद डिमरी का कहना है कि रौंठिया-जवाड़ी ग्राम समूह पेयजल योजना से भरदार पट्टी के 52 तोकों को पीने का पानी उपलब्ध होना था। शासन द्वारा योजना के फेज वन के कार्यों के लिए 25 करोड़ 44 लाख खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं हो पाया है। जबकि फेज-2 के कार्यों के लिए सात करोड़ का इस्टीमेट भेजा गया है। योजना का निर्माण एक दशक से पूरा नहीं हो पाया है। कहा कि योजना में फेज-1 में घटिया निर्माण कार्य होने से जनता को पानी मिलना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पेयजल योजना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। साथ ही 15 फरवरी तक जांच रिपोर्ट जारी करने व फेज-2 का कार्य शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है। ब्यूरो