रुद्रप्रयाग। जिले में शैक्षणिक गतिविधियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से तैयार की गई अत्याधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी अब तक शुरू नहीं हो पाई है। जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज के समीप इस लाइब्रेरी का भवन तैयार हो चुका है। बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सामान भी लगाया जा चुका है लेकिन एक वर्ष बाद भी यहां न तो पुस्तकें उपलब्ध हो पाई हैं और न ही कंप्यूटर। ऐसे में यह सिर्फ नाम की लाइब्रेरी बनी हुई है।
इस लाइब्रेरी में फिलहाल 30 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। वहीं इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी परमेंद्र बिष्ट ने बताया कि लाइब्रेरी में कंप्यूटर अभी उपलब्ध नहीं हो पाए हैं जिसके लिए शासन से बजट की मांग की गई है। साथ ही लाइब्रेरी के संचालन और देखरेख के लिए एक स्टाफ की भर्ती भी की जानी है। इस संबंध में शासन स्तर पर पत्राचार किया जा रहा है। उम्मीद है कि आवश्यक संसाधन और स्टाफ की तैनाती होते ही लाइब्रेरी को जल्द आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। संवाद