जिला अस्पताल सभागार में डॉक्टरों के बयान दर्ज करतीं स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डॉ. शैलजा भट्ट।
- फोटो : RUDRAPUR
स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डॉ. शैलजा भट्ट ने जिला अस्पताल में महिला की मौत के मामले में बुधवार को जांच शुरू करते हुए किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, डॉक्टरों, फार्मासिस्ट और शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए हैं। अपनी जांच रिपोर्ट वह स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अमिता उप्रेती को सौंपेगी।
जिला अस्पताल में भंगा, किच्छा निवासी पार्वती की सोमवार को इलाज के अभाव में मौत हो गई थी। डॉक्टरों पर महिला को भर्ती न करने और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग को लेकर किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने धरना दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य सचिव अमित नेगी जांच के आदेश दिए थे।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. उप्रेती ने इसकी जांच स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डॉ. भट्ट को सौंपी थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं रुद्रपुर जिला अस्पताल पहुंची। जहां उन्होंने सभागार में करीब दो घंटे तक पूछताछ करते हुए शिकायत कर्ता और डॉक्टरों के बयान दर्ज किए। उन्होंने जिला अस्पताल के डॉ. एमके तिवारी, डॉ. गौरव अग्रवाल, फार्मासिस्ट बीएन बेलवाल, मेडिसिटी अस्पताल के एमडी डॉ. दीपक छाबड़ा और शिकायत कर्ता मृतका के भाई खेमकरन के बयान दर्ज किए। साथ ही उन्होंने घटना के बारे में सभी पहलुओं से विस्तृत जानकारी जुटाई।
इसके बाद वह एसीएमओ डॉ. अविनाश खन्ना के साथ किच्छा विधायक शुक्ला के आवास पहुंचीं। जहां उन्होंने विधायक के बयान दर्ज किए। वहां पर सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, प्रमुख अधीक्षक डॉ. टीडी रखोलिया, प्रबंधक डॉ. अजयवीर चौहान आदि थे।