रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर राजकीय इंटर कॉलेज भीरी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान प्राधिकरण की सचिव पायल सिंह ने बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और समानता के प्रति उन्हें जागरूक किया। सचिव पायल सिंह ने बालिकाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और अन्याय, शोषण व भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने बाल विवाह और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने, बाल विवाह निषेध अधिनियम व लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर कन्या भ्रूण हत्या और बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। संवाद
प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा
जखोली। राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज जयंती कोठियाड़ा में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बाल विकास विभाग की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी और नृत्य प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। बाल विकास समन्वयक बलराम कोठारी ने छात्राओं को उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य अखिलेश चंद्र मैठाणी ने छात्राओं को पुरस्कार और सेनेटरी किट वितरित कीं। उन्होंने बाल विकास विभाग की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर जिला सहायक पोषण मिशन सोनम भंडारी, सहायक लेखाकार प्रियांशु सिंह, जेंडर स्पेशलिस्ट अंजली, कलावती भट्ट और धनंजय भंडारी उपस्थित रहे।