रुद्रप्रयाग। 20 नवंबर तक राशन कार्ड की ई-केवाईसी नहीं कराई तो राशन कार्ड अस्थायी रूप से निष्क्रिय हो जाएंगे। जनपद में अभी तक मात्र 12,994 उपभोक्ताओं ने ही ई-केवाईसी कराई है जबकि जनपद में कुल 2 लाख 40 हजार से अधिक उपभोक्ता हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली ने बताया कि सभी राशनकार्ड धारक अपने संबंधित अथवा नजदीकी सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर जाकर सभी सदस्यों का बायोमीट्रिक (फिंगर लगाकर) सत्यापन कर ई-केवाईसी कर सकते हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत राज्य से बाहर रहने वाले कार्ड धारक व सदस्य जहां रह रहे हैं वहीं किसी नजदीकी सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से ई-केवाईसी करा सकते हैं। पांच साल से कम उम्र के बच्चों की केवाईसी नहीं होगी। जिला पूर्ति अधिकारी कोहली ने बताया कि जिन कार्ड धारकों ने 6 माह से अपने राशन कार्ड का उपयोग नहीं किया है ऐसे कार्डों को निरस्त कर दिया जाएगा। संवाद