जखोली में कृषि औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले का तीसरा दिन
पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत बोले, सहयोग मिला तो जरूर बनेगा सैनिक स्कूल
संवाद न्यूज एजेंसी
जखोली। ब्लॉक जखोली में आयोजित कृषि औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले के तीसरे दिन लोक कलाकारों ने उत्तराखंड की लोकसंस्कृति का शानदार प्रदर्शन किया। पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर तक बांधे रखा। मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि जनता का सहयोग मिला तो जखोली में सैनिक स्कूल अवश्य स्थापित किया जाएगा।
लोकगायक जगतम्बा भगतवाण के लोकप्रिय गीत हवाई तवाई... और विक्रम कप्रवाण के गीतों पर जहां युवा थिरकते नजर आए वहीं लोकगायिका रेखा जोशी उनियाल के जागर गायन ने माहौल को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया। मेले के तीसरे दिन मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने मंच पर अशोक चिह्न, इंद्रमणि बडोनी, वीर माधो सिंह भंडारी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। डॉ. रावत ने कहा कि जखोली की धरती वीरों की भूमि है यहां सैनिक स्कूल की स्थापना हमारा सपना है। यदि जनता का सहयोग मिला तो जखोली में सैनिक स्कूल अवश्य स्थापित किया जाएगा। कहा कि रुद्रप्रयाग में कृषि एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय खोलने की भी दिशा में प्रयास किए जाएंगे। पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विकास कार्यों को राजनीति से ऊपर रखकर जनता के हित में आगे बढ़ाना समय की जरूरत है। कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत प्रमुख विनीता चमोली, ज्येष्ठ प्रमुख नवीन सेमवाल, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र रावत, कांग्रेस नेता अर्जुन गहरवार, नरेंद्र बिष्ट, राय सिंह बिष्ट और नगरपालिका अध्यक्ष संतोष रावत आदि मौजूद रहे।