राजकीय महाविद्यालय का छात्रसंघ सम्मान समारोह व वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। समारोह में लोकगायक मंगलेश डंगवाल, गजेंद्र राणा, विक्रम कप्रवान, मनीष लखेड़ा, जितेंद्र चौहान के गीतों का देर शाम तक दर्शकों ने लुत्फ उठाया।
समारोह का शुभारंभ काबीना मंत्री डा. हरक सिंह रावत व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डा. रावत ने कहा कि युवाओं के विकास व उन्हें बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से उद्देश्य बनाकर उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की। कार्यक्रम में महाविद्यालय में फर्नीचर व्यवस्था के लिए दो लाख, स्पोर्ट्स एकेडमी के लिए पांच लाख रुपये, समारोह आयोजन के लिए दो लाख रुपये, रुद्रप्रयाग में एक इंडोर स्टेडियम बनाने, तोलियो मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए दस लाख रुपये, इंटर कालेज सड़क पर गैस वितरण की व्यवस्था करने, डुंगरा-बाडा में बाढ़ सुरक्षा कार्य करवाने, हरियाली देवी तक पैदल मार्ग का निर्माण, महाविद्यालय में आगामी सत्र से बीए-बीएससी की कक्षाएं संचालित करने व गुलाबराय मैदान को स्टेडियम के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
समारोह का संचालन मनमोहन झिंक्वाण ने किया। इस मौके पर चाय विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष देवेंद्र झिंक्वाण, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवेश्वरी देवी, पूनम कठैत, सभासद संतोष रावत, प्राचार्य डा. माधुरी, छात्रसंघ अध्यक्ष सौरभ भास्कंडी, मानसी रावत, हीना अंसारी, मौहसिन अहमद, शुभम सेमवाल, फरमान खान सहित कई लोग उपस्थित थे।