200 मीटर सड़क पर वाहनों की आवाजाही में हो रही परेशानी
ढलान के कारण निरंतर बना हुआ दुर्घटना का खतरा
रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर सिरोहबगड़ भूस्खलन जोन दुर्घटना काे न्योता दे रहा है। यहां लंबे समय से सड़क का दो सौ मीटर हिस्सा गड्ढों से पटा हुआ है, जिससे निरंतर दुर्घटना का खतरा बना है।
बदरीनाथ हाईवे पर जिला मुख्यालय से लगभग 13 किमी दूर सिरोहबगड़ भूस्खलन जोन लगभग चार दशक से परेशानी का सबब बना हुआ है। यहां हल्की बारिश में भी पहाड़ी से मलबा व पत्थर गिरते हैं। समस्या से निजात पाने के लिए बीते छह वर्ष से ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत सिरोहबगड़-पपडासू-नौगांव बाईपास का निर्माण किया जा रहा है।
स्थिति यह है पहाड़ी से गिरते पत्थर व मलबे के कारण सड़क का 200 मीटर हिस्सा बदहाल हो रखा है। बावजूद, एनएच द्वारा प्रभावित हिस्से की मरम्मत नहीं की जा रही है। खांकरा व्यापार संघ के अध्यक्ष बुद्धि बल्लभ ममगाईं, पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र ममगाईं, पूर्व ग्राम प्रधान मलासी आदि का कहना है कि शासन-प्रशासन और एनएच को कई बार अवगत कराने के बाद भी सिरोहबगड़ में सड़क को नहीं सुधारा जा रहा है।
इधर, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण खंड, लोनिवि के अधिशासी अभियंता निर्भय सिंह ने बताया कि हाईवे पर सिरोहबगड़ में भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में गड्ढों का भरान कर सड़क को समतल कर डामरीकरण किया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जा रहा है