विकासखंड के इजरा गांव में जागृति ग्राम कृषक समिति ने फूलदेई का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें 9 ग्राम समितियों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भानु प्रसाद ममगाईं, वैभव, कपिल उपाध्याय, ओपी ममगाईं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलन के साथ किया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को प्राचीन रीति-रिवाजों के बारे में जानकारी देने के लिए प्रयास करने होंगे। प्राचीन तीज-त्योहार धरोहरें हैं, जिनका संरक्षण किया जाना चाहिए। समारोह में समिति की ओर से फूल और अनाज की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इस मौके पर ढोल-दमाऊं और रंग-बिरंगे परिधानों के साथ ग्राम समितियों ने जगदी माता और गोगा देवता की डोलियां निकाली और लोक नृत्य की प्रस्तुतियां दी। समारोह में प्रतिभागी टीमों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर राजेंद्र सिंह, अषाड़ सिंह, राम प्रसाद, खिलानंद, ईश्वरी ममगाईं आदि मौजूद थे।