रुद्रपुर। जिले के लालपुर, दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप में चार दुकानों का ताला तोड़कर लाखों रुपये का मोबाइल और सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर लाखों का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस गिरोह के फरार सदस्य की तलाश में जुटी है।
शुक्रवार को एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने पुलिस कार्यालय में चोरियों का का खुलासा करते हुए बताया कि 10 दिसंबर की रात को ट्रांजिट कैंप निवासी लक्की कक्कड़ की मछली मार्केट स्थित दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने एक दर्जन मोबाइल चोरी किए थे। चोरों ने दुकान के बगल में अनिल बाटला की कपड़ों की दुकान का ताला तोड़कर भी हजारों का सामान चोरी किया था। पुलिस ने दुकानों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें पांच संदिग्ध दिखाए दिए।
इससे पहले छह दिसंबर की रात दिनेशपुर में ग्राहक सेवा केंद्र का ताला तोड़कर नकदी व सामान चोरी हुआ था। 15 दिसंबर की रात लालपुर थाना किच्छा में शराब की दुकान का ताला तोड़कर महंगी शराब, नकदी, मोबाइल और 22 दिसंबर की रात लालपुर में मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर 50-60 मोबाइल चोरी किए गए थे। सभी जगहों में हुई चोरी के बाद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक गैंग की लिप्तता मिली थी।
बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शिव मंदिर निकट सिडकुल ढाल ट्रांजिट कैंप से सुमित, राहुल निवासी नानकसागर कॉलोनी चौकी प्रतापपुर नानकमत्ता, अनिल कुमार और भूपेंद्र निवासीगण ग्राम हिमकरा थाना नवाबगंज बरेली को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ मोबाइल बरामद किए। आरोपियों का साथी ब्रजेश निवासी बरखेड़ा पीलीभीत फरार है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सुमित, अनिल और ब्रजेश के कमरे से चोरी के 20 मोबाइल, दो जींस, पांच कमीज, आरोपी भूपेंद्र, राहुल के कमरे से चोरी के आठ मोबाइल, दो जींस, पांच कमीज बरामद की हैं। एसपी सीटी देवेंद्र पिंचा ने बताया कि सभी आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई की जाएगी। वहां एसपी सिटी क्राइम प्रमोद कुमार मौजूद रहे।
घूमने और महंगे सामान के शौक ने चारों को बनाया चोर
रुद्रपुर। गिरफ्तार चोरों ने पुलिस को बताया कि वह अपने शौक पूरा करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पांच वर्षों में वह अलग-अलग जिलों में चोरी कर चुके हैं। इसमें बरेली में ही एक दर्जन चोरियां की गई हैं। खाना और कपड़े से लेकर घूमने और महंगे मोबाइल के लिए वह चोरी करते थे।
कांस्टेबल को गोली मार चुका है सुमित
रुद्रपुर। पुलिस गिरफ्त में आए चोरों के गैंग में सुमित पुत्र दिनेश चंद्र निवासी नानकसागर कॉलोनी नानकमत्ता सबसे शातिर है। 2017 में उसने अपने साथियों के साथ खटीमा के एक बैंक लूट की वारदात की थी। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल मुकेश वर्मा को उसने गोली मार दी थी लेकिन मुकेश ने अदम्य साहस दिखाकर लुटेरों से मुकाबला किया। इसके लिए उसे सराहनीय सेवा मेडल से सम्मानित किया गया था
अब कुमाऊं के जिले थे चोरों के निशाने पर
रुद्रपुर। यूपी के बरेली और पीलीभीत समेत कई जिले में चोरी करने वाले चोर कुमाऊं में अपना जाल बुनने की योजना बना रहे थे। इसके लिए उन्होंने रुद्रपुर में किराए के कमरों को अपना ठिकाना बनाया था। चुराए गए सामान को इन्हीं कमरों में रखा जाता था। पकड़े गए सुमित, अनिल कुमार, भूपेंद्र और राहुल ने बताया कि वह बरेली के बाद यूएसनगर में कई दुकानों में चोरी कर चुके हैं।
चोरी के समय दो सदस्य अंदर और दो दुकानों के बाहर आने-जाने वालों पर नजर रखते थे। उन्होंने बताया कि नए साल के बाद कुमाऊं के अलग-अलग क्षेत्रों में चोरी का इरादा बना लिया था। इसमें अल्मोड़ा, बागेश्वर और नैनीताल जिले को निशाने पर रखा था।
मुकदमे दर्ज होने में भी निभाई दोस्ती
रुद्रपुर। पकड़े गए सभी चोर 25 से 30 साल की उम्र के हैं। कम उम्र से ही उन्होंने चोरी को अपना पेशा बना लिया था। घर से दूर रहकर वह चोरी करते थे। एक साथ चोरी और पकड़े जाने पर जेल जाना सभी की आदत बन गई थी। यहीं वजह है कि सभी के खिलाफ बराबर नौ-नौ मुकदमे एक ही धाराओं में दर्ज हैं। एसओ वीडी जोशी ने बताया कि चोरों के खिलाफ यूपी में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली हैं। संबंधित थानों से भी आपराधिक रिकॉर्ड मांगा जा रहा है।
खुलासा करने वाली टीम को ढाई हजार का इनाम
रुद्रपुर। चोरी का खुलासा करने वाली टीम को एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने ढाई हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की। टीम में ट्रांजिट कैंप थानाध्यक्ष विद्यादत्त जोशी, कमलेश भट्ट, कौशल भाकुनी, विजय सिंह, प्रदीप शर्मा, अर्जुन गिरी, राकेश खेतवाल, कल्याण सिंह, नीरज शुक्ला, प्रदीप नेगी, संतोष, राकेश उप्रेती और महेंद्र कुमार मौजूद रहे।