राजकीय इंटर कॉलेज बसुकेदार में 282 छात्र-छात्राएं हैं अध्ययनरत
संवाद न्यूज एजेंसी
बसुकेदार। तहसील मुख्यालय स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बसुकेदार में लंबे समय से प्रवक्ताओं के रिक्त पदों के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वर्ष 1946 में स्थापित इस विद्यालय में वर्तमान में करीब 282 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। यहां अर्थशास्त्र, हिंदी, रसायन विज्ञान और इस साल अप्रैल से अंग्रेजी प्रवक्ता का पद रिक्त होने से नियमित पढ़ाई नहीं हो पा रही है। अभिभावकों का कहना है कि रिक्त पदों को भरने के लिए कई बार शिक्षा विभाग को पत्र भेजे गए लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अभाव के बावजूद इस विद्यालय से कई प्रतिभाएं निकली हैं। हाल ही में छात्र अतुल ने आईआईटी परीक्षा उत्तीर्ण की है। अभिभावक संघ की अध्यक्ष रजनी भंडारी, एसएमसी अध्यक्ष भानु भट्ट, पूर्व प्रधान मोहन भंडारी, सदस्य रीना बुटोला ने चेतावनी दी कि यदि इस वर्ष भी रिक्त पद नहीं भरे गए तो जल्द आंदोलन करेंगे। उधर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अजय कुमार चौधरी ने बताया कि रिक्त पदों की सूचना निदेशालय को भेज दी गई है। नियुक्ति मिलने के बाद संबंधित विद्यालय में प्रवक्ताओं की तैनाती कर दी जाएगी।