दुकानदार के घर में भरा धुआं, लोगों ने बचाया
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊखीमठ। कालीमठ घाटी के कोटमा-खुन्नू में शाॅर्ट सर्किट से एक दुकान में आग लग गई और सारा सामान जल गया। पीड़ित दुकानदार पास के घर में सो रहा था। आंख खुली तो कमरे में धुआं भरा हुआ था। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचे पीड़ित को कमरे से बाहर निकाला।
ग्राम पंचायत कोटमा के खुन्नू गांव में सुखदेव सिंह सत्कारी पुत्र स्व. बैरागी सिंह सत्कारी की चक्की की दुकान में आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखी आटा चक्की, धान कुटाई चक्की के साथ ही वहां रखा फ्रिज और एक दोपहिया वाहन के साथ ही सारा सामान जल गया। पीड़ित दुकान के पास में ही अपने घर में सो रहे थे। रात करीब 10.30 बजे जलने की गंद से नींद टूटी तो देखा कि कमरे में धुंआ भर गया है। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद दुकान का शटर तोड़कर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग की लपटें तेज होने से बुझा नहीं सके और सारा सामान जल गया। जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा ने बताया कि सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक दीवाकर गैरोला डिमरी ने मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तहसील को भेज दी है। वहीं, ग्राम प्रधान आशा देवी, राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने प्रशासन से प्रभावित को मुआवजा देने के निर्देश दिए।