आम आदमी पार्टी ने केदारनाथ की पूर्व विधायक शैलारानी रावत पर उनके कार्यकर्ता को गाली-गलौज और धमकाने का आरोप लगाया है। इस बाबत पूर्व विधायक के खिलाफ अगस्त्यमुनि थाने में एफआईआर दर्ज करवाई गई है। उन्होंने आरोपी पूर्व विधायक की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यलय परिसर में धरना- प्रदर्शन भी किया।
इन दिनों आम आदमी पार्टी की ओर से उत्तराखंड बचाओ रैली का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को यात्रा अगस्त्यमुनि पहुंची। कार्यकर्ताओं ने केदारनाथ की पूर्व विधायक शैलारानी रावत पर आरोप लगाया कि उन्होंने आप कार्यकर्ता प्रकाश पंवार को फोन पर गाली-गलौज व धमकी दी।
मामले में आप कार्यकर्ताओं ने अगस्त्यमुनि थाने पहुंचकर पूर्व विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कराया। उन्होंने शनिवार को करीब 12.30 बजे एसपी कार्यालय पहुंचकर धरना भी दिया। आप कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी से मुलाकात कर आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। इस संबंध में एसपी पीएन मीणा ने उचित कार्रवाई और आप कार्यकर्ता प्रकाश पंवार को उचित सुरक्षा देने का भरोसा दिया।
इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। इस मौके पर पार्टी के प्रदेश संयोजक अनूप नौटियाल, श्याम बाबू पांडे, जीएस भट्ट, अजय शर्मा, राजेश बहुगुणा, उमा सिसोदिया, नरेंद्र बिष्ट, प्यार सिंह नेगी, पूजा, अरोड़ा, यशपाल रावत, सोमेश बुडाकोटी, ओमप्रकाश मिश्रा, केपी ढौंडियाल, जोत सिंह बिष्ट, पुरुषोत्तम चंद्रवाल मौजूद आदि थे।