खांकरा में रेल लाइन की निर्माणाधीन सुरंग में विस्फोट से सिंचाई नहर में पड़ी दरार से हुआ गड्ढ़ा।
- फोटो : RUDRAPRYAG
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन के लिए खांकरा में निर्माणाधीन सुरंग में हो रहे विस्फोट के उपयोग से खांकरा-नौगांव सिंचाई नहर व अन्य स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं। नहर के एक हिस्से में जमीन धंसने से गड्ढा हो गया है, जिससे खतरे की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन व रेलवे विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।
पूर्व ग्राम प्रधान एनपी ममगाईं, सामाजिक कार्यकर्ता बुद्धिबल्लभ ममगाईं, ओमकार नौटियाल आदि का कहना है कि रेल लाइन के लिए बन रही सुरंग निर्माण में कार्यदायी संस्था द्वारा निरंतर विस्फोट का उपयोग किया जा रहा है, जिससे नहर में पूर्व में पड़ी दरार गड्ढे में तब्दील हो चुकी है। साथ ही अन्य स्थानों पर भी हल्की-हल्की दरारें हैं। कहना है कि विस्फोट से खांकरा आबादी क्षेत्र में भी कई आवासीय भवनों व गौशालाओं में दरारें पड़ी हैं, जिसके बारे में प्रशासन को पूर्व में भी अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने जिला प्रशासन और रेलवे के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर त्वरित सुरक्षा इंतजाम की मांग की है। वहीं उप जिलाधिकारी सदर बृजेश तिवारी का कहना है कि सुरंग में विस्फोट से सिंचाई नहर पर दरार से गड्ढा होने की सूचना मिली है। जल्द मौके का निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।