रुद्रपुर। कोरोना वायरस के मद्देनजर सिडकुल की फैक्ट्रियों में भी जरूरी ऐहतियात बरती जा ही है। फैक्ट्री गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी हर अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोगों की इन्फ्रारेड थर्मामीटर से जांच करने के साथ ही सेनेटाइज कर रहे हैं। कंपनी के वाहनों को भी सेनेटाइज किया जा रहा है। फैक्ट्रियों में बायोमेट्रिक हाजिरी पर रोक लगाते हुए मैनुअल ही कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज की जा रही है।
मंगलवार को सिडकुल की विभिन्न फैक्ट्रियों का जायजा लिया गया तो गेट पर जरूरी इंतजाम फैक्ट्रियों में नजर आए। डाबर इंडिया कंपनी के गेट पर सुरक्षाकर्मी फैक्ट्री के भीतर जाने वाले हर व्यक्ति की इन्फ्रारेड थर्मामीटर से जांच के साथ ही सेनेटाइजर करते हुए मिले। कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक एचआर अवनेश यादव ने बताया कि फैक्ट्री गेट पर हर कर्मचारी की थर्मामीटर से जांच, सेनेटाइज करने के साथ ही बायोमेट्रिक हाजिरी बंद कर दी गई है। गेट के अलावा प्लांटों में भी प्रवेश पर कर्मचारी को सेनेटाइज किया जा रहा है।
सिडकुल की यूनो मिंडा में भी हर व्यक्ति की गेट पर जांच और सेनेटाइज किया जा रहा है। परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों को लाने-ले जाने के लिए खड़े वाहनों को भी सेनेटाइज किया जा रहा है। कंपनी के कैंपस एचआर हेड संदीप उपाध्याय ने बताया कि कोरोना वायरस को देखते हुए पूरी एहतियात बरती जा रही है। कैंटीन में सेल्फ सर्विस बंद करते हुए खाना सर्व करने के कर्मचारी लगा दिए गए हैं। पूरे प्लांट की सेनेटाइजिंग दिन में चार बार हो रही है।
गेट पर सेनेटइाजर रखवाते हुए बायोमेट्रिक बंद करते हुए रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज की जा रही है। बसों और अन्य वाहनों मेें डिटॉल से सेनेटाइज किया जा रहा है। इधर, आरएम सिडकुल पारितोष वर्मा ने बताया कि कोरोना वायरस को देखते हुए सभी कंपनियों को स्वास्थ्य मंत्रालय और जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर जारी एडवाइजरी का पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
कोचिंग और प्रशिक्षण संस्थान भी बंद
रुद्रपुर। डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने कोरोना वायरस को देखते हुए सरकारी और निजी कॉलेजों में सभी प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम (कक्षाएं, वर्कशॉप, सेमिनार, संगोष्ठी) पर रोक लगा दी है। इसके अलावा शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान, कोचिंग सेंटर, कोचिंग फ्रेंचाइजी, नर्सिंग कालेजों को भी 31 मार्च तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।
साथ ही बायोमेट्रिक हाजिरी को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपस्थिति के लिए अन्य वैकल्पिक व्यवस्था कराएं। उन्होंने निर्देशों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। डीएम ने लोगों से अपील की कि मॉल, बरातघर, फार्म हाउस, होटल आदि में सामाजिक/धार्मिक, खेलकूद, राजनैतिक, शैक्षिक एवं पारिवारिक समारोह करने से बचें। यदि बहुत जरूरी हो तो भी समारोह में एक स्थान पर सौ से अधिक व्यक्ति एकत्र नहीं होने चाहिये।
उन्होंने सभी प्रतिष्ठान के संचालकों को निर्देश दिए कि किसी भी कर्मचारी को सर्दी, जुकाम, बुखार या खांसी की शिकायत होने पर निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में परीक्षण कराना सुनिश्चित करें। अभिवादन कम से कम एक मीटर की दूरी बनाकर हाथ जोड़कर करें और कर्मचारियों को कार्य स्थल पर मास्क, ग्लब्ज आदि भी उपलब्ध कराएं।
खांसी, जुकाम वाले कर्मचारी को छुट्टी दें
रुद्रपुर। डीएम ने जिलेभर के सभी सरकारी और गैर सरकारी दफ्तरों के अधिकारियों को शासन से जारी एडवाइजरी का शत प्रतिशत अनुपालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यालय में बैठकों/ समारोहों का आयोजन स्थगित करें।
यदि संभव हो तो बैठकों के लिए वीडियो कांफ्रेंसिंग का उपयोग करें। खांसी, जुकाम और सांस लेने में तकलीफ के लक्षण वाले कर्मचारियों को कार्यालय पर नहीं आने और संभव हो तो कर्मचारी को घर से काम करने की अनुमति प्रदान की जाए अन्यथा उन्हें स्वस्थ होने तक छुट्टी दी जाए।
कोरोना वायरस के खौफ से बाजारों में सन्नाटा
रुद्रपुर। कोरोना वायरस के खौफ का असर अब औद्योगिक नगर के बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। मुंह पर मास्क और हाथ मिलाने से परहेज कर रहे लोगों ने घरों से निकलना भी कम कर दिया है। मंगलवार को मुख्य बाजार में पड़ताल की गई तो कई जगहों पर सीमित ग्राहक ही नजर आए। दुकानदारों के अनुसार कोरोना वायरस के खौफ से सामान की बिक्री में 40 से 50 फीसदी की गिरावट आई है। इस बीमारी से बचने के लिए व्यापारी दिल्ली और अन्य राज्यों में सामान की खरीदारी करने नहीं जा पा रहे हैं। वहीं, बाजार में कम मिलने वाली सामग्री में 15 से 20 प्रतिशत तक उछाल आ गया है।
आपदा मद से पुलिस विभाग को मिला पांच लाख का बजट
रुद्रपुर। आपदा मद से पुलिस विभाग को पांच लाख रुपये का बजट मिल गया है। कोरोना वायरस से बचने के लिए पुलिस कर्मियों इस मद से आवश्यक सामग्री खरीदकर दी जाएगी। एसपी क्राइम प्रमोद कुमार ने बताया बजट स्वीकृत होने के बाद मास्क, दस्ताने व अन्य आवश्यक सामग्री का ऑडर्र दे दिया गया है। जिले में प्रत्येक पुलिस कर्मी को सुरक्षा के लिए इन्हें वितरित किया जाएगा। संवाद
कलक्ट्रेट और विकास भवन के शौचालयों में न साबुन न सेनेटाइजर
रुद्रपुर। कोरोना वायरस से डीएम डॉ. नीरज खैरवाल ने सभी कार्यालयों के वॉश रूम में साबुन, हैंडवाश और सेनेटाइजर रखवाने के निर्देश दिए हैं। लेकिन इन निर्देशों का पालन दूसरे विभाग तो दूर कलक्ट्रेट और विकास भवन में ही नहीं हो रहा है। कलक्ट्रेट स्थित शौचालय में हैंडवॉश का डिब्बा रखा था लेकिन वह खाली था। साबुन और सेनेटाइजर भी वहां नहीं था।
कलक्ट्रेट में रोजाना काफी संख्या में लोग पहुंचते हैं। इसके अलावा विकास भवन में स्थित शौचालयों में हैंडवॉश तो दूर साबुन तक नहीं था। महिला शौचालय तो काफी दिनों से साफ तक नहीं किया गया था। शौचालय में सफाई नहीं होने से दुर्गंध उठ रही थी। यह स्थिति तब थी जब भवन में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी बैठते हैं।
रुद्रपुर कलक्ट्रेट के शौचालय में नहीं रखा गया साबुन व सैनेटाइजर।- फोटो : RUDRAPUR
ुद्रपुर जिला अस्पताल में मरीज की जांच करते डॉक्टर।- फोटो : RUDRAPUR