मंगलवार को महाकवि कालीदास समारोह के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि महाकवि कालीदास ने अपनी रचनाओं में कविल्ठा गांव का वर्णन किया है। कहा कि यह गौरव की बात है कि इतने महान कवि का हमारे गांव व क्षेत्र से संबंध है।
उन्होंने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे नई पीढ़ी को भी सीख मिलेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गंगाधर नौटियाल ने कहा कि ऐसे आयोजन साहित्य एवं प्राचीन संस्कृति से रूबरू कराते हैं। विशिष्ठ अतिथि ब्लाक प्रमुख संत लाल और ग्राम पंचायत कविल्ठा की प्रधान बचना देवी ने भी विचार व्यक्त किए।
इससे पहले डायट में तैनात प्रवक्ता केपी सेमवाल ने अपने शोधपत्र का वाचन करते हुए महाकवि कालीदास की साहित्य सृजना पर प्रकाश डाला। नीरज नैथानी ने भी अपने शोधपत्र में कालीदास के साहित्य का वर्णन किया। वेदभवन संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डा. राम प्रसाद उपाध्याय ने कालीदास रचित साहित्य पर विस्तार से चर्चा की।
इस मौके पर महाकवि कालीदास भू-स्मारक समिति के अध्यक्ष नरेंद्र रावत, उपाध्यक्ष बीरेंद्र रावत और संयोजक संपूर्णानंद गौड ने अतिथियों व वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार से प्रेषित मांगपत्र पर त्वरित कार्रवाई की मांग की।