आंधी से जगह-जगह टूटी एचटी और एलटी लाइनें
बिजली गुल होने से लघु कारोबार और रोजमर्रा के काम हुए ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। बृहस्पतिवार देर रात चली तेज आंधी से बच्छणस्यूं की एचटी और एलटी बिजली लाइन टूटने से यहां अधिकांश गांवों में बिजली सप्लाई गुल है। बिजली सप्लाई ठप होने से लोगों का लघु कारोबार सहित रोजमर्रा के कार्य ठप पड़े हैं। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने ऊर्जा निगम सहित शासन, प्रशासन के प्रति रोष जताया। वहीं ऊर्जा निगम की टीम बिजली लाइन दुरुस्त करने में जुटी है।
बृहस्पतिवार देर रात को तेज बारिश और आंधी से खांकरा से पौड़ीखाल, गहड़खाल के साथ ही बाड़ा-बरसूड़ी क्षेत्र की बिजली लाइनें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गईं। पेड़ों के गिरने से तारें टूटी पड़ी हैं। 21 ग्राम पंचायतों में से ज्यादातर में बिजली सप्लाई ठप है। लोगों के मोबाइल भी चार्ज न होने से बंद पड़े हैं। कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष व ग्राम पंचायत खांकरा के पूर्व ग्राम प्रधान नरेंद्र ममगाईं, गणेश बिष्ट, डीएस नेगी, पुष्कर सिंह बिष्ट, अमर सिंह रावत ने बताया कि बिजली सप्लाई ठप होने से आमजन जीवन प्रभावित हो गया है। आटा चक्की, फोटो स्टेट, लेमिनेशन से जुड़े लघु कारोबार के साथ ही क्षेत्र में संचालित सीएससी सेंटरों में ऑनलाइन काम ठप पड़ा है। इधर, ऊर्जा निगम के एसडीओ रोहित चौहान ने बताया कि आंधी से एचटी और एलटी लाइनों को व्यापक क्षति पहुंची है। मजदूरों की अलग-अलग टीमें क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं। देर शाम तक खेड़ाखाल क्षेत्र में सप्लाई बहाल कर दी गई है। हरसंभव प्रयास किया जा रहा है कि शनिवार तक प्रभावित क्षेत्र में बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाए।