रुद्रपुर। नैनीताल रोड पर हिट एंड रन का मामला सामने आया है। कार सवार तीन नशेड़ियों ने डीडी चौक से लेकर इंदिरा चौक तक चार लोगों को कार से उड़ा दिया। चारों को चोटें आई हैं। पुलिस वाहन के साथ ही दो टेंपो, एक स्कूटी, एक बाइक और एक साइकिल को नशेड़ियों ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। ट्रैफिक पुलिस ने कार को रुकवाकर आरोपियों समेत कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। कार सवारों के खिलाफ चारों घायलों ने पुलिस को तहरीर सौंपी है।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कार (यूके 11टी 2147) में सवार तीन लोग नशे की हालत में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों ने डीडी चौक के पास ठेके से शराब लेकर पी। इसके बाद दूसरे मादक पदार्थों का सेवन किया। नशे की हालत में तीनों कार में सवार होकर डीडी चौक से इंदिरा चौकी तरफ निकले। डीडी चौक पर ही कार सवार ने दो टेंपो में टक्कर मार दी। इसके बाद कार लेकर वहां से भाग निकले। यहां से थोड़ी दूर पर सुरेंद्र कुमार की बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में सुरेंद्र घायल हो गए और उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद इंदिरा चौक पर आरोपी कार चालक ने रम्पुरा में किराये पर रहने वाले शंकर गिरि की साइकिल में टक्कर मार दी। शंकर को गंभीर चोटें आईं। शंकर के मुताबिक वह अपने बच्चे के लिए दवा लेने आए थे। यहीं पर स्कूटी सवार रम्पुरा निवासी साहिल खान को कार से टक्कर मार दी। घायल होने के साथ ही उसकी स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। डिबडिबा निवासी रिक्शा चालक शंकर को इंदिरा चौक पर ही टक्कर मारकर आरोपी रामपुर रोड की ओर भाग निकले।
इसी बीच ट्रैफिक पुलिस इंस्पेक्टर मनीष शर्मा ने कार का पीछा किया। आरोपियों ने ट्रैफिक पुलिस के वाहन को भी टक्कर मार दी। ट्रैफिक पुलिस ने कार को रामपुर रोड से पकड़ा और आरोपियों समेत कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। साहिल खान, सुरेंद्र कुमार और शंकर गिरि की ओर से आरोपी चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंप दी गई है। एसएसआई बीसी जोशी ने बताया कि आरोपियों को मेडिकल कराया जा रहा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शंकर की 2600 की नकदी भी गायब
रम्पुरा निवासी शंकर के मुताबिक वह बेटे की दवा लेने के लिए बाजार आए थे। उन्होंने एटीएम से तीन हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद वह साइकिल से घर की ओर जा रहे थे। इंदिरा चौक पर कार ने उनको टक्कर मार दी। उनकी साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई। वह बेहोश हो गए तो दवा खरीदने के बाद बचे 2600 रुपये की किसी ने पार कर लिए।
चमोली जिले का है कार का नंबर
कार का नंबर चमोली जिले का है। आरोपियों का कहना है कि वह कार से काठगोदाम जा रहे थे। रामपुर रोड की तरफ आने के सवाल पर कार सवार तीनों आरोपी सही जवाब नहीं दे सके। तीनों इतने अधिक नशे में थे कि कुछ भी सही से नहीं बता पा रहे थे।
रुद्रपुर कोतवाली में अपनी चोट दिखाता घायल शंकर।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर कोतवाली में अपनी चोट दिखाता घायल सुरेंद्र कुमार।- फोटो : RUDRAPUR
रुद्रपुर कोतवाली में खड़ी आरोपियों की क्षतिग्रस्त कार।- फोटो : RUDRAPUR